Home नरेंद्र मोदी विशेष त्रिपुरा की तरह केरल में भी हमें जनता सेवा का मौका देगी-...

त्रिपुरा की तरह केरल में भी हमें जनता सेवा का मौका देगी- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले चार साल में देश की स्थिति में काफी बदलाव आया है। दुनिया अब भारत की आवाज सुनती है और हमें दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था माना जाने लगा है। पीएम मोदी ने केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने केरल में भ्रष्टाचार और भाजपा कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्याओं को लेकर राज्य की वामपंथी सरकार पर भी निशाना साधा।

प्रधानमंत्री ने नमो ऐप द्वारा शुक्रवार को केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि केरल में वर्तमान में शासन के दो मॉडल हैं। एक कांग्रेस मॉडल और दूसरा कम्युनिस्ट मॉडल। दोनों मॉडल कुशल भ्रष्टाचार और अक्षम प्रशासन के मॉडल हैं। जबकि, भाजपा का मॉडल समावेशी विकास का मॉडल है।  

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- हमें भी कुछ बुरी खबर मिली, जिसकी वजह से हमारी पार्टी बंद बुलाने को मजबूर हुई। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को बताना चाहता हूं, इस तरह के किसी भी कदम से बचने के लिए राज्य भर में हर किसी को प्रेरित करना चाहिए। हमारे पास जो भी मुद्दे हैं, हमें उन्हें दृढ़ता से व्यक्त करना चाहिए और लोगों को उनके बारे में समझाना चाहिए।

‘केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रेरणा लेता हूं’

पीएम मोदी ने केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं से मुझे भी प्रेरणा मिलती है। राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं की नृशंस राजनीतिक हत्याओं के बावजूद हमारे कार्यकर्ता मजबूती से अपने काम में जुटे हैं। केरल में मुश्किल दौर से गुजरने हुए भी वे डटकर स्थितियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने इन हत्याओं के दोषियों को सजा और पीड़ितों को न्याय दिलाने में असफल रहने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की।

त्रिपुरा की तरह केरल में भी मिलेगा मौका

पीएम मोदी ने कहा, “त्रिपुरा में भी इसी तरह के हालात थे। वहां जनता ने हमें सेवा का मौका दिया। एक दिन आएगा जब केरल में भी जनता हमें सेवा का मौका देगी। आप किसी भी परिस्थिति में अपना संयम न खोएं।”  

केंद्र ने किए केरल में कई काम 

केरल के आटिंगल के एक भाजपा कार्यकर्ता के प्रश्न के उत्तर में पीएम मोदी ने केंद्र सरकार के कामकाज को सामने रखा। उन्होंने कहा, “अगर केरल की बात करें तो केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से यहां के लोगों को काफी फायदा हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के तहत केरल के 90,000 लोगों का मुफ्त इलाज हुआ है। पिछले चार साल में केरल में 2.25 लाख शौचालय बनाए गए हैं। 25000 करोड़ रुपये के करीब 50 लाख मुद्रा लोन दिए गए हैं। करीब 2 लाख परिवारों को घर दिया गया। 3500 करोड़ रुपये के 19 प्रोजेक्ट सिर्फ केरल के लिए मंजूर किए गए हैं। सागरमाला के तहत केरल में 4 प्रोजेक्ट चल रहे हैं।”

पतनमठीठा और अलापुझा के कार्यकर्ताओं के प्रश्न के उत्तर में पीएम मोदी ने कहा कि भारत को लेकर अब दुनिया का नजरिया बदल रहा है। आज एफडीआई में रिकॉर्ड उछाल आया है। देश की जनता के लिए हमने कई योजनाएं बनाई हैं। शौचालय, सड़क निर्माण, गैस कनेक्शन, बैंक अकाउंट और बिजली- इन सभी क्षेत्रों में हमने पहले की सरकार की अपेक्षा बहुत तेजी से काम किया है। चार साल पहले के अखबार और आज के अखबार को देखते हुए इस अंतर को हम बखूबी समझ सकते हैं।  

पीएम मोदी ने कहा कि जब लोग उनसे पूछते हैं कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी खूबी क्या है, तो मैं यही कहता हूं कि देश के प्रति उनका प्यार और उनकी ऊर्जा ही उनकी संपत्ति है। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने केरल को प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिकता और सामाजिक न्याय की धरती बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में आज जो भारत का गौरव गान हो रहा है, उसका तो मैं सिर्फ माध्यम हूं। इस गौरव का श्रेय देश की मेहनतकश जनता और विदेशों में रह रहे यहां को लोगों को जाता है।  

Leave a Reply