Home समाचार झारखंड के लोगों को केंद्र और राज्य की योजनाओं का मिल रहा...

झारखंड के लोगों को केंद्र और राज्य की योजनाओं का मिल रहा है डबल लाभ : पीएम मोदी  

SHARE
झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैैयारियां जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के डाल्टनगंज और गुमला में दो विशाल रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में लोग मौजूद थे। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने झारखंड के हर समाज के व्यक्ति को सम्मान से जीने का हक दिलाया है।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की अगुवाई में एक स्थिर और मजबूत सरकार का दोबारा बनना यहां बहुत जरूरी है। क्योंकि झारखंड के लिए यह समय बिल्कुल वैसा ही जैसा हमारे परिवार में बच्चों के लिए आता है। 19-20 के उम्र में ही परिवार में बच्चों को भविष्य तय हो जाता है। झारखंड राज्य भी युवावस्था में है।  इस दौरान यहां जो दिशा मिलेगी,उसका झारखंड के भविष्य पर बहुत प्रभाव पड़ेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड को केंद्र और राज्य की योजनाओं का डबल लाभ मिल रहा है। मुफ्त गैस कनेक्शन का लाभ देश के 8 करोड़ परिवारों को मिला है। इसके साथ ही झारखंड के 33 लाख और पलामू के 50 हजार परिवारों को दूसरा सिलेंडर राज्य सरकार ने मुफ्त दिया है। पीएम सम्मान निधि से भी देश के किसान परिवार के बैंक खाते में सीधी मदद पहुंच रही है। लेकिन झारखंड देश का ऐसा राज्य है जहां छोटे किसानों को 25,000 रुपये तक की मदद अतिरिक्त मिल रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 5 वर्ष में दिल्ली और रांची की डबल इंजन ने झारखंड के विकास को जो गति दी है, उसे बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड में गरीबों के लिए घर इतनी तेजी से इसलिए बन पाए क्योंकि यहां रांची में भी और दिल्ली में भी भाजपा की डबल इंजन सरकार थी। बीते 5 वर्षों में यहां की भाजपा सरकार ने नये झारखंड के लिए सामाजिक न्याय के 5 सूत्रों  स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्मान और सुरक्षा पर कार्य किया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हर गरीब परिवार को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। झारखंड के लिए ये गौरव की बात है कि पूरे देश को आयुष्मान बनाने के लिए शुरु की गई ऐतिहासिक आयुष्मान योजना की शुरुआत झारखंड से ही की गई थी। उन्होंने कहा कि यहां की सरकार ने, सुरक्षा बलों ने और आप सभी ने सराहनीय कार्य किए हैं और अब ये क्षेत्र भय के वातावरण से करीब करीब मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की चुनौती को खत्म करने में भी हम इसलिए सफल हो पा रहे हैं, क्योंकि हमारी नीयत साफ है और हम बहुत ईमानदारी से प्रयास रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा का ये संकल्प है कि 2024 तक देश के हर घर को जल से जोड़ना है। जैसे हर घर में शौचालय बनाने का काम सफलता से पूरा किया गया है, उसी तरह हर घर तक जल पहुंचाना है। इस मिशन का बहुत बड़ा लाभ हमारे आदिवासी समाज को मिलने वाला है। 
गुमला में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वनों में रहने वालों की प्रेरणा ने तो प्रभु श्रीराम को भी मार्ग दिखाया था। आप कल्पना कीजिए राम जब अयोध्या में तो राजकुमार राम थे और जब 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या गए तो मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम बन गए। क्योंकि 14 साल श्रीराम ने वन में आदिवासियों के बीच गुजारे थे।  
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों और युवाओं की पढ़ाई और कौशल विकास के लिए भी बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। इसी वर्ष झारखंड से ही एकलव्य मॉडल स्कूल का बड़ा नेटवर्क स्थापित करने का अभियान शुरु हुआ है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार थी तब उन्होंने न सिर्फ इस प्रदेश का निर्माण किया बल्कि आजादी के बाद पहली बार जनजाति समुदाय के लिए अलग से मंत्रालय बना, अलग से बजट स्वीकृत किया।  
डाल्टनगंज और गुमला में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से भारी संख्या में मतदान कर भाजपा उम्मीदवारों  को विजयी बनाने का आह्वान किया। 

Leave a Reply