Home समाचार UNGA अध्यक्ष ने की मोदी सरकार की तारीफ, कहा- भारत की सफलता...

UNGA अध्यक्ष ने की मोदी सरकार की तारीफ, कहा- भारत की सफलता बदल देगी विश्व का चेहरा

SHARE

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने कहा है कि सतत विकास लक्ष्यों ( एसडीजी ) को पूरा करने में भारत की सफलता पूरे विश्व का चेहरा बदल सकती है। मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने दुनिया की बहुपक्षीय प्रणाली में भारत को एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया। एस्पिनोसा ने कहा कि भारत बहुपक्षीय प्रणाली का अहम किरदार है। 130 करोड़ की आबादी वाला देश यदि 2030 तक एसडीजी को पूरा कर लेता है तो वह पूरे विश्व का नक्शा बदल देगा। एसडीजी में गरीबी, भुखमरी, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े 17 लक्ष्य शामिल हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष बनने से पहले अपनी भारत यात्रा को याद करते हुए एस्पिनोसा ने कहा कि भारत में एसडीजी को पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर कोशिश की जा रही है। इसे देखकर मैं काफी प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष रहते हुए वह भारत के साथ संपर्क बढ़ाने और उसके साथ मिलकर काम करने की इच्छुक हैं।

एस्पिनोसा ने पर्यावरण के क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र का सबसे बड़ा सम्मान ‘द यूएनईपी चैंपियंस ऑफ द अर्थ’ पाने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई भी दी। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय सौर समझौते में नेतृत्व और भारत में प्लास्टिक के इस्तेमाल को खत्म करने की दिशा में प्रयास करने के लिए दिया गया है। एस्पिनोसा ने यूएन के विभिन्न कार्यक्रमों में भारत के सहयोग की भी तारीफ की। यूएन शांति रक्षा मिशन में भारतीय सेना के योगदान के लिए उन्होंने धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महिला शांति रक्षकों व सामान्य महिलाओं के साथ होने वाले अपराध रोकने में भी भारत की भूमिका अहम है।

Leave a Reply