Home बिहार विशेष फिजूलखर्ची बिल लाने वाली रंजीत खुद चार्टर्ड प्लेन से पहुंची थीं शादी...

फिजूलखर्ची बिल लाने वाली रंजीत खुद चार्टर्ड प्लेन से पहुंची थीं शादी करने

SHARE

शादी में फिजूलखर्ची को लेकर निजी विधेयक लाने वाली बिहार के दबंग सांसद पप्पू यादव की पत्नी और कांग्रेसी सांसद रंजीत रंजन के बारे में एक चौंकाने वाली खबर मिली है। रंजीत रंजन भले ही फिजूलखर्ची को लेकर यह विधेयक लाई हैं, लेकिन आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे कि खुद उनकी शादी शाही तौर-तरीके से हुई थी।

पप्पू यादव और रंजीत रंजन की शादी पूर्णिया में छह फरवरी 1994 में हुई थी। उस समय रंजीत रंजन चार्टर्ड विमान से पूर्णिया पहुंची थीं। शादी की व्यवस्था 200 एकड़ के मैदान में की गई थी। शादी में पूर्णिया के साथ-साथ आस-पास के इलाके के सभी लोगों को न्योता दिया गया था। बताया जाता है कि इसमें दो लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। शहर के हर चौक-चौराहे को फूल-पत्ती से सजाया गया था। इलाके से सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस शादी के लिए बुक थे। होटल, गेस्ट हाउस भर जाने के बाद पूर्णिया के स्कूल-कॉलेज में भी लोगों के रहने की व्यवस्था की गई थी। रंजीत और पप्पू की शादी में देशभर से कई बड़े नेता और कलाकार पहुंचे थे। इसमें राजद प्रमुख लालू यादव, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, बाहुबली नेता डीपी यादव, पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल और कांग्रेसी नेता राजबब्बर भी पहुंचे थे।

रंजीत रंजन और पप्पू यादव दोनों का प्रेम विवाह है। यह बिहार का पहला जोड़ा है, जो एक साथ संसद भवन में प्रवेश पाया है। हार्ले डेविडसन से संसद भवन आने वाली रंजीत रंजन के विधेयक में कहा गया है कि अगर कोई परिवार विवाह के दौरान 5 लाख रुपए से ज्यादा राशि खर्च करता है, तब उसे गरीब परिवार की लड़कियों के विवाह में इसकी 10 प्रतिशत राशि का योगदान देना चाहिए।

Leave a Reply