Home नरेंद्र मोदी विशेष कर्जमाफी के नाम पर कर्नाटक में किसानों से मजाक हो रहा है-...

कर्जमाफी के नाम पर कर्नाटक में किसानों से मजाक हो रहा है- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक के लोग ‘भ्रष्टाचारमुक्त विकास’ चाहते हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों की रुचि केवल ‘विकासमुक्त भ्रष्टाचार’ में है।

मेरा बूथ सबसे मजबूत- बूथ वर्करों से पीएम मोदी का संवाद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक के बूथ वर्करों से ऑनलाइन संवाद के दौरान राज्य की कांग्रेस-जेडीएस सरकार पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक सरकार की कृषि कर्जमाफी किसानों के साथ किया गया ‘सबसे क्रूर’ मजाक है। हाल ही में मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्ववाली कर्नाटक सरकार ने भी माना था कि अभी तक कर्जमाफी का फायदा बहुत कम किसानों को मिल पाया है। 

पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में जो लोग सत्ता में बैठे हैं, उनकी रुचि लोगों के कल्याण में नहीं है। ऐसे में हमारे कार्यकर्ताओं की ड्यूटी है कि वे लोगों की आवाज बनें। पीएम ने बेलगावी, बीदर, दावनगेरे, धारवाड़ और हावेरी के भाजपा बूथ वर्करों के साथ विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। 

‘भ्रष्टाचारमुक्त विकास’ बनाम ‘विकासमुक्त भ्रष्टाचार’

पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने भाजपा के नजरिए में भरोसा व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गरीब देखभाल चाहते हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोग केवल कैबिनेट सीटों में व्यस्त हैं। भाजपा के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने आगे कहा, ‘कर्नाटक के लोग भ्रष्टाचारमुक्त विकास चाहते हैं लेकिन सत्ता पर आसीन लोगों की रुचि केवल विकासमुक्त भ्रष्टाचार में है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कर्नाटक का आम आदमी विकास चाहता है, लेकिन राज्य सरकार का पूरा फोकस वंशवाद पर है। ऐसे में क्या हमारी पार्टी आम आदमी की आवाज बन सकती है? पीएम मोदी ने कहा कि जब लोग वॉलनटिअर के तौर पर आते हैं तो उनका खुले दिल से स्वागत किया जाता है। अच्छे मकसद के लिए किसी पहचान पत्र की जरूरत नहीं है। भाजपा किसी परिवार के द्वारा नियंत्रित नहीं है, यह विकास के लिए समर्पित पार्टी है। 

भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘सत्ता में बैठे लोग सोचते हैं कि उन्होंने कैसे भी करके सरकार बना ली है, वे हर चीज से दूरी बना सकते हैं, लेकिन कर्नाटक और भारत के लोग उन्हें और उनके कार्यों को देख रहे हैं। लोग उनके कुशासन के लिए जल्द ही उन्हें सबक सिखाएंगे।’ 

Leave a Reply