Home समाचार चंद्रयान-2: आज रात इतिहास रचने चांद पर उतरेगा भारत, प्रधानमंत्री मोदी की...

चंद्रयान-2: आज रात इतिहास रचने चांद पर उतरेगा भारत, प्रधानमंत्री मोदी की अपील- लैंडिंग जरूर देखें

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रात, 07 सितम्‍बर को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-2 को उतरता हुआ देखने के लिए इसरो के बेंगलुरू स्थि‍त मुख्‍यालय में होंगे। इस ऐतिहासिक पल के अवसर पर वे कक्षा-8 से कक्षा 10 के छात्रों के लिए आयोजित अंतरिक्ष पहेली के विजेताओं के साथ बातचीत भी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की इसरो यात्रा से भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के मनोबल को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को नवाचारी मस्तिष्‍क और जिज्ञासी की भावना विकसित करने की प्रेरणा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके कहा कि 130 करोड़ देशवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कुछ ही घंटों में चंद्रयान 2 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव को छुएगा। भारत और दुनिया वैज्ञानिकों के करिश्मा को देखेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि मैं इस अंतरिक्ष कार्यक्रम के ऐतिहासिक पल को देखने के लिए उत्साहित हूं और बेंगलुरु के इसरो केंद्र में मौजूद रहूंगा। स्कूली बच्चे भी होंगे, जिनमें भूटान से आए बच्चे भी शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन युवाओं के साथ मैं इस पल का भागी बनूंगा उन्होंने इसरो की स्पेस क्विज जीती है और बेहद प्रतिभाशाली हैं। इस क्विज में बड़ी संख्या में इन युवाओं का भाग लेना दर्शाता है कि युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष में बेहद रुचि है। यह एक अच्छा संकेत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि 22 जुलाई को चंद्रयान-2 लॉन्च होने के समय से मैं इस मिशन पर करीब से नजर रख रहा हूं। इस अभियान की सफलता करोड़ों भारतीयों को फायदा पहुंचाएगी।

अपने ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे इस लॉन्चिंग को देखें और अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करें, मैं इनमें से कुछ को रीट्वीट करूंगा।

चंद्रयान-2 मिशन में अपनी व्‍यक्तिगत रूचि दिखलाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस अभियान को भारतीय हृदय में भारतीय आत्‍मा की संज्ञा दी है। इससे प्रत्‍येक भारतीय को खुशी मिलेगी। यह पूरी तरह स्‍वदेशी मिशन है। इसरो ने एक वक्‍तव्‍य में कहा है कि 07 सितम्‍बर 2019 को रात एक से दो बजे के बीच लैंडर विक्रम के उतरने की प्रक्रिया शुरू होगी और यह डेढ़ से ढ़ाई बजे के बीच टच डाउन होगा।

Leave a Reply