Home नरेंद्र मोदी विशेष भाजपा धनबल, बाहुबल और उधार ली गई विचारधारा से बनी पार्टी नहीं...

भाजपा धनबल, बाहुबल और उधार ली गई विचारधारा से बनी पार्टी नहीं है- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तीन राज्यों- ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र- के चुनावी दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने चार चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। ओडिशा के सुंदरगढ़ और सोनपुर के साथ ही छत्तीसगढ़ के बालोद और महाराष्ट्र के नांदेड़ में उनकी रैलियां हुईं। ओडिशा की सभाओं में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने बीजेडी के कुशासन और कांग्रेस की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 19 साल के लंबे शासनकाल में भी बीजेडी की नवीन पटनायक सरकार राज्य का विकास नहीं कर पाई। अब बदलाव का समय आ गया है। राज्य और केंद्र दोनों जगहों पर बनने वाली कमल छाप डबल इंजन की सरकार ओडिशा को पलायन की पहचान से मुक्ति देकर पर्यटन का केंद्र बनाएगी। 

ओडिशा के सुंदरगढ़ में पीएम मोदी ने कहा, “आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। मां कमलेश्वरी की धरती से ओडिशा और देश को नवरात्रि की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। देश की रक्षा में जुटे ओडिशा के हर जवान को नमन करता हूं। 2019 का ये चुनाव ओडिशा और देश के भविष्य के लिए बहुत अहम है। आप सभी को राज्य और केंद्र में कैसी सरकार चाहिए, इसके लिए फैसला करना है। आपको ये फैसला करना है कि ओडिशा और केंद्र में मेहनती और फैसले करने वाली सरकार चाहिए या फैसले टालने वाली सरकार चाहिए।“

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए और भाजपा के गठन तथा उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। 39 वर्ष पहले आज ही के दिन सबसे बड़े राजनीतिक संगठन यानि हम सबके दिलों में बसी भाजपा का गठन हुआ। बीजेपी इसलिए विशेष है, क्योंकि यह पार्टी न तो धनबल से बनी है और न ही बाहुबल से, और न ही यह बाहर से उधार ली गई किसी विचारधारा से बनी है। बीजेपी देश की जन-जन की आकांक्षाओं से जनमी और इनके बीच पली-बढ़ी है। भारत की मूलभूत मिट्टी की सुगंध से उपजी है। यह पार्टी भारतीय सभ्यता और संस्कृति में रची-बसी है और भारत के सामर्थ्य का प्रतिनिधित्व करती है। हम परिवार पर आधारित नहीं हैं और न ही हमलोग पैसों पर आधारित हैं। हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है।“

पीएम मोदी ने कहा, “आज बीजेपी का झंडा ऐसी जगहों पर लहरा रहा है, जिसकी कभी किसी ने कल्पना नहीं की थी। आज नॉर्थ-ईस्ट से लेकर देश के चारों कोनों में भाजपा का परचम लहरा रहा है। देश भर में लोगों ने बीजेपी को गले लगाया है। आज बीजेपी दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है। आज सबसे ज्यादा दलित, पिछड़े, आदिवासी, ग्रामीण तबके के किसान और महिलाएं भाजपा से जुड़ी हुई हैं। बीजेपी युवा भारत की पार्टी है। अगर भारत की राजनीति में किसी दल ने विकास को जन आंदोलन बनाया, तो वो भाजपा है।“

जनसभा में उपस्थित लोगों से भाजपा के उम्मीदवारों को वोट देने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा में इस बार सबसे ज्यादा कमल खिलने वाला है। उन्होंने कहा, ”मैं भाजपा के 11 करोड़ से ज्यादा सदस्यों को भाजपा के स्थापना दिवस पर आदरपूर्वक नमन करता हूं। उनके उत्साह को नमन करता हूं, उनको जोश, परिश्रम और देश के लिए जीने-मरने की उनकी भावना की प्रतिबद्धता को नमन करता हूं। उनके ही परिश्रम से देश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने जा रही है।“

सोनपुर की रैली में पीएम मोदी ने कहा, “आज ओडिशा के जन-जन में विकास का विश्वास नजर आ रहा है। ओडिशा का विश्वास तब बढ़ता है जब झारसुगुडा का एयरपोर्ट बन जाता है, बलांगीर-बिचुपली जैसे रेलवे लाइन प्रोजेक्ट पूरे हो जाते हैं। ओडिशा का विश्वास तब बनता है, जब ओडिशा में रेलवे के विकास के लिए पांच साल पहले की तुलना में पांच गुना अधिक पैसा लगाया जाता है। ओडिशा का विश्वास तब बनता है, जब ओडिशा के लाखों गरीब परिवारों को पक्के घर, शौचालय, गैस कनेक्शन और बिजली मिल जाती है।“

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “दिल्ली और भुवनेश्वर में जब 23 मई को विकास का कमल छाप डबल इंजन लगेगा तो यहां की पहचान पलायन से नहीं पर्यटन से होगी- मैं ये विश्वास आपको दिलाता हूं। ‘सबका साथ सबका विकास’ हमारा प्रण है, और आप हमारी प्रेरणा हैं। आपकी प्रेरणा से ही आदिवासियों के लिए ‘जनधन’ से लेकर ‘वनधन’ तक की व्यवस्था हमने की है। भाजपा के उम्मीदवार को दिया गया हर वोट देश को मजबूत करेगा। आप जब कमल के निशान पर बटन दबाएंगे तो आपका वोट सीधा-सीधा मोदी को मिलने वाला है।“

छत्तीसगढ़ के बालोद में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की नीति और नीयत को देशहित में बताया। भाजपा और अन्य दलों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा, “आज लोकसभा चुनाव के समय देश के मन में एक तस्वीर स्पष्ट है। ये तस्वीर है नीति और नीयत की। वे चुनाव लड़ रह हैं अपने दल को जिताने के लिए, जबकि हम लड़ रहे हैं देश को जिताने के लिए। वे लड़ रहे हैं जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने के लिए, जबकि हम लड़ रहे हैं एक-एक पाई का सही इस्तेमाल करने के लिए। वे लड़ रहे हैं आतंकवादियों को खुली छूट देने के लिए, हम लड़ रहे हैं आतंकवादियों को उनके पापों की सजा देने के लिए। वे लड़ रहे मजबूर सरकार बनाने के लिए, हम लड़ रहे मजूबत सरकार बनाने के लिए। बीते पांच वर्षों में आपने देखा है कि मजबूत सरकार का मतलब क्या होता है। जब सरकार मजबूत होती है, तो आतंकी हमलों के बाद देश चुप नहीं बैठता है। घर में घुसकर मारता है। जब मजबूत सरकार होती है, तो दुनिया भी हमारी बात सुनती है।”

महाराष्ट्र के नांदेड़ में पीएम मोदी ने कहा, “आप सभी के सहयोग से ही आपका ये प्रधानसेवक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ एक समृद्ध और सुरक्षित भारत के निर्माण का  बीड़ा उठा पाया है। हम जिस नए भारत का निर्माण करना चाहते हैं, उसका विजन स्पष्ट है। घर खरीदने वालों की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए हमारी सरकार ने ‘RERA’ कानून बनाया। यह एक ऐसा कानून है, जिसकी वजह से घर खरीदने वालों की कमाई सुरक्षित हुई है। इससे रियल एस्टेट में काले धन का प्रयोग भी घटा है। इसका लाभ मध्यम वर्ग को हुआ है।“

Leave a Reply