Home नरेंद्र मोदी विशेष राजनीतिक दलों में लोकतंत्र की कमी पर डिबेट हो-प्रधानमंत्री

राजनीतिक दलों में लोकतंत्र की कमी पर डिबेट हो-प्रधानमंत्री

SHARE

भारतीय जनता पार्टी के दिवाली मिलन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर के पत्रकारों से मिले। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ”देश का मीडिया इतना बड़ा योगदान दे सकता है और इतने व्यापक तौर पर अपनी भूमिका निभा सकता है। ये हमने स्वच्छ भारत अभियान में देखा। भारत जैसे देश में मीडिया का मिशन मोड में जुट जाना, एक बड़ी बात है।” उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र का दायरा बढ़ा है, लेकिन राजनीतिक दलों में लोकतंत्र विकसित हो ये देश के लिए बहुत आवश्यक है।  प्रधानमंत्री मोदी अपने संबोधन के बाद सभी पत्रकारों से जाकर कर मिले। इस दौरान एक बार फिर पत्रकारों में उनके साथ सेल्फी लेने का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला।

पत्रकारों की सलाह में दम
प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरा अनुभव है कि मीडिया जगत फॉर्मल तौर पर अपनी-अपनी भूमिका अदा करता है, लेकिन जब इन्फॉर्मल बैठते हैं, तो सभी के दिल में देश के लिए वेदना होती है। कुछ करने का इरादा होता है।आप काफी जगह पर होकर आए होते हैं, इसलिए आपकी सलाहों में दम होता है। यह अपनापन बहुत फायदेमंद होता है।”

मीडिया का दायरा बढ़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। पहले ऐसा समय था कि पत्रकारों को खोजना पड़ता था, लेकिन आज मीडिया का दायरा बढ़ गया है। पहले इस बिरादरी में संख्या बहुत कम होती थी। पांच-सात लोगों से निकटता बना ली तो गाड़ी निकल जाती थी, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ गया है और यह हम लेागों के लिए भी चुनौती है।

स्वच्छता अभियान में मीडिया का अहम रोल
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान में मीडिया की भूमिका की जमकर प्रशंसा की और कहा कि भले ही सरकार की आलोचनाओं से अखबार भरा पड़ा हो लेकिन स्वच्छता की बात पर सभी एक साथ नजर आए। यह काफी अच्छी बात है। उन्होंने कहा, ”मीडिया कितना बड़ा रोल प्ले कर सकता है यह मैंने पिछले दिनों देखा। सरकार में बैठे लोगों की आलोचना से आधा अखबार भरा होगा, लेकिन स्वच्छता की बात पर सब एकजुट हो जाएंगे। मीडिया के सभी माध्यमों ने इसमें सकारात्मक रोल प्ले किया है।” उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि जिस मिशन के साथ लोग इसमें जुटे हैं लगता है कि यह काम तय समय से पहले पूरा हो जाए।

राजनीतिक दलों में लोकतंत्र पर हो डिबेट
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजनीतिक दल में लोकतंत्र विकसित हो ये देश के लिए बहुत आवश्यक है। देश के स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए इसका डिबेट का हिस्सा बनना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का मीडिया इतना बड़ा योगदान दे सकता है और इतने व्यापक तौर पर अपनी भूमिका निभा सकता है। ये हमने देखा है। भारत जैसे देश में मीडिया का मिशन मोड में जुट जाना, एक बड़ी बात है।

Leave a Reply