Home समाचार अरुण जेटली जी के निधन से मैंने अपने एक मूल्यवान मित्र को...

अरुण जेटली जी के निधन से मैंने अपने एक मूल्यवान मित्र को खो दिया है: प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा दुख जताया है। अपने ट्वीट संदेश में उन्होंने कहा है कि जेटली जी के निधन से उन्होंने अपने उस मूल्यवान मित्र को खो दिया है, जिनके साथ उनकी दशकों से घनिष्ठता रही थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”अरुण जेटली जी एक असाधारण राजनेता, प्रखर बुद्धिजीवी और प्रभावशाली कानूनविद् थे। वह एक मुखर नेता थे, जिन्होंने देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन अत्यंत दुखद है। मैंने उनकी पत्नी संगीता जी और बेटे रोहन से बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ओम शांति।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अरुण जेटली को एक जीवंत, हाजिरजवाबी, सेंस ऑफ ह्यूमर और करिश्माई व्यक्तित्व वाला इंसान बताया। उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग जेटली जी का मुरीद था। श्री मोदी ने कहा कि वे भारतीय संविधान, इतिहास, लोकनीति, शासन और प्रशासन जैसे विषयों की गहरी जानकारी रखते थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में अरुण जेटली जी ने केंद्र में कई विभागों के मंत्री के रूप में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी। बात चाहे आर्थिक विकास की हो, देश के रक्षा क्षेत्र को मजबूती देने की हो, कानून को लोगों के लिए सहज बनाने की हो या फिर दूसरे देशों से व्यापार बढ़ाने की, उन्होंने हमेशा देश के लिए अपने दायित्वों को बखूबी निभाकर दिखाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी और अरुण जेटली जी के बीच एक अटूट रिश्ता था। इमरजेंसी के दौरान एक छात्र नेता के रूप में भी वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए बढ़-चढ़कर आगे आए थे। श्री मोदी ने जेटली को भाजपा का एक सर्वप्रिय चेहरा बताया।

Leave a Reply