Home समाचार पीएम मोदी और जापान के पीएम शिंजो के साथ शिखर बैठक की...

पीएम मोदी और जापान के पीएम शिंजो के साथ शिखर बैठक की झलक

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बीच बृहस्पतिवार को गुजरात के गांधीनगर में वार्षिक शिखर बैठक हुई। भारत जापान की वार्षिक बैठक ऐसे समय में हो रही है जब उत्तर कोरिया द्वारा किए गए परमाणु परीक्षण और दक्षिण चीन सागर पर चीन के बढ़ते दावे के चलते क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। जापान के प्रधानमंत्री आबे की यात्रा से पहले भारत जापान रक्षा मंत्री स्तरीय वार्षिक वार्ता तोक्यो में हो चुकी है। ऐसे में दोनों प्रधानमंत्री के बीच दोनों देशों की वार्षिक बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण है।

गौरतलब है कि जापान की राजधानी तोक्यो में हुई भारत जापान रक्षा मंत्री स्तरीय वार्षिक वार्ता में सैन्य उपकरणों के संयुक्त उत्पादन, दोहरे उपयोग वाली प्रौद्योगिकी और यूएस-2 शिनमायवा विमान खरीदने के नई दिल्ली के प्रस्तावों पर चर्चा हुई थी। रक्षा वार्ता के साथ दोनों पक्ष इस बात पर भी सहमत हुए थे कि मानव रहित जमीन पर चलने वाले वाहनों एवं रोबोट के क्षेत्र में अनुसंधान समन्वय के लिए तकनीकी विचार विमर्श शुरू किया जाए।

 

वार्षिक बैठक के पूर्व भारत और जापान ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए नागर विमानन, कारोबार, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इससे दोनों देशों की साझेदारी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भारत-जापान संबंध द्विपक्षीय अथवा क्षेत्रीय परिदृश्य तक सीमित नहीं है बल्कि हमारे बीच अहम वैश्विक मुद्दों पर भी करीबी सहयोग है।

आइए देखते हैं भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक की कुछ तस्वीरें-

Leave a Reply